राप्ती नदी में पैर धोते समय छात्रा बही, तलाश जारी
-स्कूल जाते समय हुआ हादसा, एसडीआरएफ और गोताखोरों ने चलाया सर्च ऑपरेशन
श्रावस्ती, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के सोनवा थाना क्षेत्र स्थित नरायनपुर गांव निवासी कक्षा छह की 11 वर्षीय छात्रा गुरुवार सुबह स्कूल जाते समय राप्ती नदी में पैर फिसलने से बह गई।
सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में छात्रा की तलाश शुरू की। देर शाम तक गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन छात्रा का कोई पता नहीं चल सका।
नरायनपुर गांव निवासी पंकज उर्फ रामू मिश्र की पुत्री अंशिका मिश्र लक्ष्मननगर स्थित एक निजी इंटर कॉलेज में कक्षा छह की छात्रा थी। गुरुवार सुबह वह अन्य छात्राओं के साथ साइकिल से स्कूल जा रही थी। नरायनपुर जाने वाले रास्ते में राप्ती नदी के किनारे एक स्थान पर कीचड़ होने के कारण छात्राएं साइकिल से उतरकर पैदल चलने लगीं।
बताया गया कि अंशिका के पैर में कीचड़ लग गया था। पैर धोने के लिए वह रमनगरा गांव के पास राप्ती नदी के किनारे पहुंची। पैर धोते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बह गई। घटना देखकर साथ चल रही छात्राओं ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को जानकारी दी।
ग्रामीणों की सूचना पर ग्राम प्रधान ने सोनवा थानाध्यक्ष विशुनदेव पाण्डेय को घटना की जानकारी दी। थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। कुछ देर बाद एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई और नदी में छात्रा की तलाश शुरू कर दी।
नदी में पानी अधिक होने के साथ तेज बहाव के कारण राहत एवं खोज अभियान में कठिनाई सामने आई। गोताखोरों ने देर शाम तक नदी में कई स्थानों पर तलाश की, लेकिन छात्रा का पता नहीं चल सका। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम छात्रा की तलाश में जुटी रही।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक