मंडलीय कुश्ती प्रतियोगिता में छात्र सूरज ने जीता स्वर्ण पदक
हमीरपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के स्थानीय पीएम श्री राजकीय इंटर कालेज कुरारा में सोमवार को 70वीं मंडलीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर जनपद के प्रतिभागी छात्रों ने कुश्ती कला का प्रदर्शन किया।
जूनियर वर्ग में 19 साल के बालक वर्ग भार वर्ग में 55 किग्रा में जे पी शर्मा इंटर कॉलेज बबेरू के छात्र सूरज ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। वहीं साल के 17 बालक वर्ग 55 किग्रा भार में बी एन वी इंटरकालेज राठ के अर्पित यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 17 साल की फ्री स्टाइल कुश्ती में रंजीत बिसंडा बांदा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 60 किग्रा भार वर्ग में कृष्णा ने प्रथम स्थान व 92 किग्रा भार वर्ग में प्रवीण बबेरू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 45 किग्रा भार वर्ग में जी आई सी चित्रकूट के हिमांशु ने प्रथम स्थान तथा 51 किग्रा भार वर्ग में लल्लू बबेरू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। क्रीड़ा प्रभारी शमशेर सिंह व श्रीप्रकाश द्विवेदी रेफरी व निर्णायक मंडल में रहे। सभी विजयी प्रतिभागियों को प्रधानाचार्य सुधाकर वर्मा ने पुरस्कृत किया तथा उनका उत्साह वर्धन किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा