पीएसआईटी कॉलेज में छात्रों के हंगामे के बाद 20 हजार रुपये सिक्योरिटी वाला नियम वापस

 


कानपुर, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के सचेण्डी थाना क्षेत्र स्थित प्रणवीर सिंह इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (पीएसआईटी) कॉलेज में अतिरिक्त सिक्योरिटी जमा कराने के फैसले के विरोध में छात्रों ने जमकर हंगामा किया। देर रात छात्रों ने कैंपस में प्रदर्शन शुरू करने से स्थिति तनावपूर्ण हाे गई। हालांकि बाद में काॅलेज प्रशासन ने नियम वापस लेकर विवाद खत्म किया।

पुलिस उपायुक्त कासिम आबिदी ने बताया कि कॉलेज प्रशासन द्वारा छात्रों से बीस हजार रुपये अतिरिक्त सिक्योरिटी जमा कराने का नियम लागू किया गया था। इस नियम के तहत यदि किसी छात्र की उपस्थिति 90 प्रतिशत से कम रहती, तो जमा की गई राशि जब्त कर ली जाती। इसी फैसले के विरोध में छात्र आक्रोशित हो गए और कॉलेज परिसर में विरोध प्रदर्शन करने लगे।

जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए छात्रों और कॉलेज प्रशासन के बीच वार्ता कराई। प्रदर्शन के दौरान कैंपस में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही, लेकिन पुलिस की सक्रियता से मामला शांत कराया गया। छात्रों का कहना था कि यह नियम अनुचित है और बिना पूर्व सूचना के लागू किया गया है, जिससे बड़ी संख्या में छात्र प्रभावित हो रहे थे। उन्होंने इस निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कॉलेज प्रशासन ने फिलहाल इस नई सिक्योरिटी स्कीम को वापस ले लिया है। अधिकारियों के अनुसार भविष्य में इस तरह के किसी भी निर्णय से पहले सभी पक्षों से बातचीत की जाएगी, ताकि विवाद की स्थिति न बने।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप