राज्यपाल से संस्कृति स्कूल के विद्यार्थियों की शिष्टाचार भेंट
लखनऊ, 13 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से शुक्रवार को जनभवन में संस्कृति स्कूल, लखनऊ की कक्षा केजी से कक्षा 11 तक के 60 विद्यार्थियों एवं 16 अध्यापकों के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनके जीवन के लक्ष्य के बारे में जानकारी प्राप्त की। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक अपने भविष्य के सपनों और लक्ष्यों को साझा किया। किसी विद्यार्थी ने देश का प्रधानमंत्री बनने की इच्छा व्यक्त की तो किसी ने कमर्शियल पायलट बनने का लक्ष्य बताया।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, कूड़ा सदैव डस्टबिन में डालने और जल संरक्षण की प्रेरणा दी। उन्होंने बच्चों को यह भी सलाह दी कि बचे हुए पानी को पौधों में डालें तथा ‘मां के नाम पर पौधारोपण’ जैसे अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उन्होंने बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए हरी शाक-सब्जियां, दूध, दाल, पनीर आदि पौष्टिक आहार लेने तथा नियमित रूप से खेल-कूद में भाग लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया। राज्यपाल ने विद्यार्थियों को चॉकलेट भी बांटे। शिष्टाचार भेंट के उपरांत सभी विद्यार्थियों ने जन भवन के विभिन्न स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण किया और वहां की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक