इंटर की परीक्षा देकर बाइक से लौट रहे छात्र की मार्ग दुर्घटना में मौत, साथी घायल

 


फर्रुखाबाद, 20 फरवरी (हि.स.)। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में बाइक से इंटर की परीक्षा देकर लौट रहे छात्र की मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई। उसके दो साथी गम्भीर रूप से घायल हो गए। मार्ग दुर्घटना में जान गंवाने वाला छात्र अपनी मां बाप का इकलौता बेटा था।

शमशाबाद थाना क्षेत्र के गांव मुरैठी निवासी रामकुमार का 18 वर्षीय प्रियांशु व शमसाबाद के मोहल्ला टीला निवासी अमर सिंह का 19 वर्षीय पुत्र सचिन तथा मोहल्ला बाग शमसाबाद निवासी राजीव शाक्य का पुत्र सूरज नगर शमसाबाद के ही श्री श्याम लाल राजपूत स्मारक शिक्षण संस्थान में इंटर के छात्र थे । शुक्रवार को इंटर अंग्रेजी विषय का पेपर था । वह कंपिल थाना क्षेत्र के गांव रसीदाबाद तिवारियान में जनता इंटर कॉलेज में अंग्रेजी विषय का पेपर देकर वापस बाइक से लौट रहे थे । बाइक को सचिन चला रहा था । जब बाइक सवार कायमगंज अलीगंज मार्ग पर गांव रुटौल से आगे निकले ही थे इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से भिडन्त हो गई । दुर्घटना के बाद प्रियांशु सचिन व सूरज तीनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस के द्वारा तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया गया । जहां प्रियांशु को देखते ही डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया । जबकि सचिन व सूरज का उपचार करने के बाद हालत गंभीर होने पर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची मां सुनीता देवी व एवं अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां सुनीता देवी ने रुंधे गले से बताया कि प्रियांशु पढ़ने में बहुत तेज था। प्रियांशु आर्मी में भर्ती होना चाहता था, लेकिन यह सपना अधूरा ही रह गया । सीओ राजेश द्विवेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar