लेखपालों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं होगा, मांगें पूरी होने तक जारी रहेगी हड़ताल : विकास सचान
कानपुर, 17 जून (हि.स.)। घाटमपुर तहसील में लेखपालों के खिलाफ कथित उत्पीड़नात्मक कार्रवाई के विरोध में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ का आंदोलन दूसरे दिन भी जारी रहा। जिला मुख्यालय पर एकत्रित हुए लेखपालों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। संघ पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि घाटमपुर तहसील में लेखपालों के साथ लगातार अपमानजनक व्यवहार किया जा रहा है और द्वेषपूर्ण कार्रवाई की जा रही है। यह बातें बुधवार को खंड मंत्री कानपुर विकास सचान ने कहीं।
विकास सचान ने कहा कि लेखपालों पर बिना पर्याप्त कारण कार्रवाई की जा रही है, जिससे कर्मचारियों में रोष है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में अधिकारियों द्वारा दिए गए आश्वासनों का पालन नहीं किया गया और समस्याओं के समाधान के बजाय दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संघ की मांगों का समाधान होने और आंदोलन के दौरान की गई सभी कार्रवाई वापस लिए जाने तक हड़ताल जारी रहेगी।
संघ के पदाधिकारियों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। लेखपालों की हड़ताल के चलते राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे आम लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, समाचार लिखे जाने तक जिला प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप