सीएम ग्रिड की सड़कों पर सांसद का सख्त रुख, कहा- गुणवत्ता से समझौता नहीं

 


कानपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री ग्रिड (सीएम ग्रिड) योजना के तहत शहर में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण कार्यों का उद्देश्य जनता को सुविधा देना है, असुविधा नहीं। यह बातें बुधवार को कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने कहीं।

रमेश अवस्थी ने नगर निगम अधिकारियों के साथ सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन एवं विकसित की जा रही विभिन्न सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वरूप नगर, दीप टॉकीज रोड, साकेत नगर, अलंकार गेस्ट हाउस से सोटे वाले हनुमान मंदिर मार्ग तथा घंटाघर से ग्रीन पार्क तक बन रही सड़कों का जायजा लिया और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि आवासीय क्षेत्रों में सड़क निर्माण इस तरह किया जाए कि स्थानीय लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और विकास कार्यों का वास्तविक लाभ जनता तक पहुंचे।

उन्होंने विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। जहां कहीं भी निर्माण कार्यों में खामियां या असुविधा की शिकायत मिली, वहां मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। सड़क धंसने की शिकायतों पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि शहर में बेहतर सड़कें और सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध हो सके।

निरीक्षण के दौरान विधायक महेश त्रिवेदी, विधान परिषद सदस्य सलिल बिश्नोई, भाजपा जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह, भाजपा जिला सोशल मीडिया संयोजक उपेंद्र शुक्ला, पार्षद अवधेश त्रिपाठी, सुरेश अवस्थी, विनीत दुबे, दीपक शुक्ला सहित नगर निगम एवं जल निगम के अभियंता तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप