पीईटी के 21 केंद्रों पर कड़ी निगरानी, 9,288 अभ्यर्थियों के लिए डीएम ने परखी व्यवस्था

 


कानपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 की पहली पाली शुक्रवार को संपन्न हुई। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कैलाश नाथ बालिका इंटर कॉलेज और जेएनके इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के सत्यापन और सीसीटीवी निगरानी की स्थिति देखी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रवेश प्रक्रिया, बायोमीट्रिक सत्यापन और सीसीटीवी कंट्रोल रूम की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोग के निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन कराया जाए। प्रत्येक अभ्यर्थी का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सत्यापन करने के साथ परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और निष्पक्षता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी केंद्र व्यवस्थापक और ड्यूटी पर तैनात अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। सीसीटीवी कंट्रोल रूम को सक्रिय रखते हुए किसी भी तरह की अनियमितता और लापरवाही रोकने के लिए सतर्कता बरती जाए।

जनपद में पीईटी-2026 के लिए कुल 9,288 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा के लिए शहर में 21 केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जा रही है। सभी केंद्रों पर एक-एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इन अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर लगातार निगरानी रखने और आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप