बेतवा पुल हादसे को लेकर दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई : जिलाधिकारी

 


बेतवा सेतु हादसे की जांच को दो उच्चस्तरीय समितियां गठित

हमीरपुर, 31 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन सेतु के सेगमेंटल स्पान गिरने की दुर्घटना की जांच तेज हो गई है। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने रविवार को बताया कि घटना की निष्पक्ष और व्यापक जांच के लिए जिला प्रशासन एवं उत्तर प्रदेश सेतु निगम द्वारा अलग-अलग तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समितियों का गठन किया गया है। दोनों समितियां हादसे के तकनीकी, प्रशासनिक और सुरक्षा संबंधी पहलुओं की गहन जांच कर रही हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति या संस्था दोषी पाई जाएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मृत श्रमिकों के परिजनों को आर्थिक सहायता और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। बेतवा नदी पर निर्माणाधीन सेतु के सेगमेंटल स्पान (पी-5 से पी-6) के गिरने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने बताया कि दुर्घटना की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यापक जांच सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन तथा उत्तर प्रदेश सेतु निगम द्वारा अलग-अलग उच्चस्तरीय जांच समितियों का गठन किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से गठित तीन सदस्यीय जांच समिति की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) कर रहे हैं।

यह समिति घटना से जुड़े सभी प्रशासनिक, तकनीकी एवं प्रक्रियागत पहलुओं की विस्तार से जांच कर रही है। समिति के सदस्यों ने घटनास्थल का निरीक्षण शुरू कर दिया है और आवश्यक साक्ष्यों का संकलन भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सेतु निगम ने भी तकनीकी परीक्षण और विशेषज्ञ जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। यह समिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता, डिजाइन, संरचनात्मक मानकों, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन की गहन समीक्षा करेगी। आवश्यकता पड़ने पर निर्माण सामग्री के नमूनों की प्रयोगशाला जांच भी कराई जाएगी, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि इस दुर्घटना के संबंध में थाना कुरारा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106 (1) एवं धारा 125 (एं) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना जारी है और जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों, तकनीकी रिपोर्ट तथा दोनों समितियों की आख्या के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्घटना के लिए जो भी व्यक्ति अथवा संस्था जिम्मेदार पाई जाएगी, उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा