नाबालिगों से दुराचार करने वालों पर हो सख्त कार्रवाई: महंत देवीचरण दास

 


महोबा, 13 जुलाई (हि.स.)। यूपी के महोबा जिले में पर्यावरण, सड़क एवं नारी सुरक्षा परिषद ने शुक्रवार को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा है। परिषद ने नारी असुरक्षा, सड़कों की खराब स्थिति और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों को और नाबालिग बच्चियों के साथ हो रहे जघन्य अपराध को लेकर प्रशासन को मांग पत्र सौंपा है।

शुक्रवार को जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट में पर्यावरण, सुरक्षा एवं नारी सुरक्षा परिषद के बैनर तले डीएम गजल भारद्वाज को दिए ज्ञापन में नाबालिग बच्चियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।

धर्मगुरु देवीचरण दास ने बताया कि नारी सुरक्षा को लेकर देश में स्थिति चिंताजनक है। राजस्थान में नाबालिग बच्ची के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। ऐसी घटनाएं मानवता को शर्मशार करने वालीं हैं जो कि समाज में भय और असुरक्षा का वातावरण उत्पन्न करतीं हैं।

महंत देवीचरण दास ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए सरकार को मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। इसके साथ ही पीड़ित एवं उसके परिवार को समुचित सुरक्षा, चिकित्सा, मानसिक परामर्श तथा आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। सभी दोषियों को फास्ट ट्रैक न्यायालय के माध्यम से कठोरतम दंड दिलाया जाए। इस अवसर पर परशुराम, नीरज पाण्डेय, संचित मिश्रा, सौरभ तिवारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी