जौनपुर में मॉडिफाइड साइलेंसर पर सख्त कार्रवाई, 5 वाहनों का चालान
जौनपुर,22 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए परिवहन विभाग ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सत्येंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में बुधवार को शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर विशेष चेकिंग की गई।अभियान के दौरान विशेष रूप से उन बुलेट मोटरसाइकिल चालकों को निशाने पर लिया गया, जिन्होंने कंपनी के मानक साइलेंसर की जगह तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगा रखे थे। जांच के दौरान ऐसे साइलेंसरों से निकलने वाली कर्कश ध्वनि को आम जनता के लिए परेशानी और बढ़ते ध्वनि प्रदूषण का प्रमुख कारण बताया गया।एआरटीओ (प्रवर्तन) सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सघन चेकिंग के दौरान कुल 5 दोपहिया वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। सभी वाहनों का मौके पर ही चालान किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानक के विपरीत साइलेंसर लगाना मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है और इस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने वाहन स्वामियों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। यदि कोई वाहन चालक दोबारा नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके वाहन को जब्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और ध्वनि प्रदूषण रोकने में सहयोग दें।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव