तूफान ने बुझा दी कानपुर की रोशनी, केस्को के लिए बनी बड़ी चुनौती
कानपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में शनिवार शाम आई तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि ने बिजली व्यवस्था को पूरी तरह झकझोर दिया। हालात ऐसे बने हुए हैं कि शहर की करीब 80 फीसदी बिजली सप्लाई बंद करनी पड़ी और कई जगह बड़े फाल्ट खड़े हो गए। खराब मौसम के चलते 100 से अधिक पेड़ बिजली लाइनों पर गिर पड़े, जिससे पूरा सिस्टम चरमरा गया।
बारिश और ओलावृष्टि थमते ही केस्को ने मोर्चा संभाल लिया। करीब 700 कर्मचारियों को तुरंत फील्ड में उतार दिया गया, जबकि 60 अधिकारी भी हालात पर नजर रखते हुए मौके पर डटे रहे। हालांकि कई इलाकों में आपूर्ति बहाल कर दी गई, लेकिन बड़े फाल्ट के चलते कुछ क्षेत्रों में रविवार शाम तक भी बिजली बहाल नहीं हो सकी।
केस्को के 99एमडी पी. सैमुअल्स ने बताया कि आंधी-बारिश और ओलावृष्टि में 19 पोल (33 केवी), 53 पोल (11 केवी) और 20 एलटी पोल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। तेज हवाओं और ओलों के कारण पेड़ हाईटेंशन और सप्लाई लाइनों पर इस कदर गिरे कि पोल और तार टूटकर आपस में उलझ गए, जिससे शहर के अधिकांश हिस्सों में अंधेरा छा गया।
सबसे ज्यादा असर बेनाझावर, हैलट, मीता सराय, साइकिल मार्केट, उद्योग कुंज, पॉलिमर, हंसपुरम, नौबस्ता, हर्षीमन बाग, बाबूपुरवा, फजलगंज, इस्पात नगर, नवीन नगर, वाजिदपुर, स्वरूपनगर, आर्यनगर, बर्रा, गुजैनी, पी रोड और काकादेव क्षेत्रों में देखने को मिला, जहां बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। हालांकि केस्को और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई से कुछ इलाकों में बिजली वापस आ गई है, लेकिन अभी भी कई क्षेत्र अंधेरे में डूबे हैं। विभाग का दावा है कि रविवार रात तक अधिकतर क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
हालात की गंभीरता को देखते हुए केस्को ने मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। 33 केवी के कई फीडरों और करीब 21 फीडरों (11 केवी) को बहाल करने का काम तेजी से चल रहा है। इसके लिए अतिरिक्त अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जो रात भर फाल्ट सुधारने में जुटे हैं।
इस आपदा के बीच नगर निगम और जिला प्रशासन भी सक्रिय हैं। गिरे हुए पेड़ों को हटाने और क्षतिग्रस्त लाइनों को दुरुस्त करने का काम लगातार जारी है। अब तक 67 केंद्रों के 33/11 केवी उपकेंद्रों को फिर से चालू कर दिया गया है, जिनसे जुड़े 11 केवी फीडरों को भी तेजी से बहाल किया जा रहा है।--------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप