रेलवे स्टेशन परिसर में खुलेंगे सैलून, पूजन सामग्री स्टाल, मोबाइल व एक्सेसरी स्टोर, फूड वैन के केंद्र
-मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरिद्वार सहित विभिन्न स्टेशन व रेलवे कालोनियों में 14 फूड वैन स्थान नीलामी में शामिल
मुरादाबाद, 01 जून (हि.स.)। उत्तर रेलवे का मुरादाबाद मंडल अब रेलवे स्टेशनों और रेलवे कालोनियों में यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने के साथ अतिरिक्त कमाई पर भी फोकस कर रहा है। इसके तहत स्टेशन परिसरों में सैलून, पूजन सामग्री केंद्र, मोबाइल व एक्सेसरी स्टोर, फूड वैन, कियोस्क, स्लीपिंग पॉड, एसी वेटिंग रूम और को-वर्किंग स्पेस जैसी नई सुविधाएं शुरू की जाएंगी। इन योजनाओं के लिए 8 जून को ई-आक्शन (इलेक्ट्रॉनिक नीलामी) कराया जाएगा।
रेलवे की योजना के तहत मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरिद्वार, चंदौसी और रोजा समेत विभिन्न स्टेशनों और रेलवे कालोनियों में 14 फूड वैन स्थान नीलामी में शामिल किए गए हैं। मुरादाबाद स्टेशन पर पांच और हरिद्वार में एक कियोस्क भी आवंटित किया जाएगा। रेलवे स्टेशन, ट्रैक किनारे, आरओबी और एलसी गेट क्षेत्रों में डिजिटल एलईडी स्क्रीन, होर्डिंग और यूनिपोल भी लगाए जाएंगे। इसके जरिए विज्ञापन के साथ यात्रियों को सुरक्षा और आपदा संबंधी सूचनाएं दी जाएंगी। रेलवे ट्रेनों और इंजनों की बाहरी व आंतरिक ब्रांडिंग की भी तैयारी कर रहा है।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने सोमवार को बताया कि नई नीति के तहत निजी कंपनियों से नवाचार आधारित व्यावसायिक प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं, ताकि यात्री सुविधाओं को आधुनिक बनाया जा सके और रेलवे की आय बढ़ाई जा सके।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल