बाढ़ प्रभावित इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद कर जल निकासी तेज कराएं : सुरेंद्र मैथानी
कानपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों की सुरक्षा को देखते हुए जहां भी बिजली आपूर्ति जारी है, उसे तत्काल बंद कराने और जल निकासी के लिए अतिरिक्त पंप लगाने के निर्देश दिए हैं। यह बातें रविवार को गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने रविवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान कही।
लगातार हो रही बारिश के कारण पांडु नदी का जलस्तर बढ़ने और पानी के बैक मारने से गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र के सुंदर नगर (पनकी), रविदासपुरम और बिहारी टोला समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। कई घरों में पानी घुसने की सूचना पर विधायक ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और स्थानीय लोगों से उनकी समस्याएं जानीं।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों को राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पानी में करंट उतरने की आशंका को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रखना जरूरी है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी निकालने के लिए अतिरिक्त पंप लगाने के भी निर्देश दिए गए।
विधायक ने प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने बताया कि जलभराव वाले इलाकों में पेयजल की समस्या न हो, इसके लिए विधायक की ओर से पानी के टैंकर उपलब्ध कराए गए हैं। स्थानीय लोगों से भी सावधानी बरतने और जलभराव वाले स्थानों पर अनावश्यक रूप से जाने से बचने की अपील की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप