परमट प्राथमिक विद्यालय में “शिला स्थापना कार्यक्रम” कर विधायक ने पहने चप्पल
कानपुर, 25 मई (हि.स.)। यह संघर्ष किसी राजनीतिक लाभ का नहीं है। यह परमट के गरीब बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मानजनक भविष्य की लड़ाई है। हमारा उद्देश्य केवल इतना है कि जिस प्रकार आर्यनगर क्षेत्र के अन्य विद्यालय आधुनिक स्वरूप में विकसित हुए हैं, उसी प्रकार परमट के बच्चों को भी आधुनिक सुविधाओं वाला सुरक्षित विद्यालय मिले। यह बातें सोमवार को आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेयी ने कहीं।
आर्यनगर विधानसभा अंतर्गत परमट स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय के पुनर्निर्माण एवं आधुनिक विद्यालय निर्माण को लेकर सोमवार को विधायक अमिताभ बाजपेयी द्वारा “शिला स्थापना कार्यक्रम” आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा आनंदेश्वर धाम में दर्शन-पूजन से हुई। इसके बाद विधायक समर्थकों, क्षेत्रीय नागरिकों, मातृशक्ति और कार्यकर्ताओं के साथ नंगे पैर पैदल विद्यालय स्थल तक पहुंचे।
विद्यालय परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन और शिला स्थापना की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोगों के बीच यह भावना दिखाई दी कि यह केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि गरीब बच्चों के बेहतर भविष्य और शिक्षा अधिकार से जुड़ा जनसंकल्प है।
विधायक ने बताया कि परमट स्थित विद्यालय लंबे समय से जर्जर स्थिति में था और बच्चों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी हुई थी। उन्होंने कहा कि आठ जुलाई 2024 से लगातार इस विषय को उठाया गया और शिक्षा विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों से पत्राचार, निरीक्षण और फॉलोअप किया गया। विधायक निधि से विद्यालय पुनर्निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत कराया गया तथा आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कराई गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानीय भाजपा नेताओं और असामाजिक तत्वों द्वारा विद्यालय निर्माण कार्य में बाधाएं उत्पन्न की गईं। इसके बावजूद संघर्ष को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ाया गया। विधायक ने कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि जनहित की इस लड़ाई को संवैधानिक दायरे में ही आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम के बाद विधायक अमिताभ बाजपेयी ने पैरों में चप्पल और कुर्ता धारण किया। उन्होंने 15 मई को यह संकल्प लिया था कि जब तक परमट विद्यालय में शिलापूजन नहीं करेंगे, तब तक पैरों में चप्पल और ऊपरी वस्त्र का त्याग करेंगे। सोमवार को शिला स्थापना कार्यक्रम संपन्न होने के बाद उन्होंने अपना संकल्प पूरा किया।
कार्यक्रम में कीर्ति अग्निहोत्री, दीपा यादव, सुरभित जायसवाल, राजकुमार अवस्थी, शालू मिश्रा, आकाश सिंह सनी, सचिन यादव, राजेश कन्नौजिया, अनुज त्रिपाठी, पिंटू कुरील, अनिल गोला, आशु कनौजिया, ऋषि चौधरी, हरीश गुप्ता, आदित्य अग्निहोत्री, शर्मिला मिश्रा, संगीता शर्मा, रविन्द्र बाजपेयी, गगन दीक्षित समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप