प्रदेश के 12 जनपदों में महापुरूषों एवं नायकों की प्रतिमाएं स्थापित की जायेगी : जयवीर सिंह
महापुरूषों के योगदान से युवा पीढ़ी को प्रेरणा प्राप्त करने की आवश्यकता
लखनऊ, 03 नवंबर (हि.स.)। संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा 12 जनपदों में महापुरूषों एवं नायकों की प्रतिमाएं तैयार करायी गयी हैं। इनको स्थापित करने के लिए पैडेस्टल तैयार करने की कार्यवाही की जा रही है। इन प्रतिमाओं के स्थापित करने का उदे्श्य प्रदेश के महापुरूषों एवं नायकों के योगदान को स्मरण कराते हुये युवा पीढ़ी को इनके योगदान से प्रेरणा लेना है। यह प्रतिमाएं लखनऊ, आगरा, गोरखपुर, शाहजहांपुर, प्रतापगढ़, गाजीपुर, गोंडा, फिरोजाबाद, मुरादाबाद, रामपुर, महाराजगंज तथा वाराणसी में स्थापित की जानी है। यह जानकारी मंगलवार काे प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि राजधानी लखनऊ में पृथ्वीराज चौहान की 12.5 फीट अश्वारोही कांस्य प्रतिमा, आगरा में महाराजा सूरजमल की 12.5 फीट अश्वारोही कांस्य प्रतिमा, महाराजा सूरजमल पार्क फतेहपुर जनपद आगरा, जनपद गोरखपुर में महायोगी गुरू गोरखनाथ की 12.5 फीट खड़ी कांस्य प्रतिमा गोरखपुर हवाईअड्डे तथा जनपद शाहजहांपुर में महाराणा प्रताप की 12.5 फीट अश्वारोही कांस्य प्रतिमा शाहजहांपुर के बरेली मोड़ पर स्थापित की जायेगी।
इसी प्रकार जनपद प्रतापगढ़ में लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 12.5 फीट की खड़ी कांस्य प्रतिमा ग्राम सभा कान्धरपुर बाजार में विकासखण्ड मंगरौरा, जनपद गाजीपुर में सरदार वल्लभ भाई पटेल 12.5 फीट खड़ी कांस्य प्रतिमा मेडया चुनार घाट पक्का पुल के त्रिमुहानी मिर्जापुर, जनपद गोंडा में पंडित दीन दयाल उपाध्याय की 6 फीट आदमकद कांस्य प्रतिमा सैदनपुर, विकासखण्ड छपिया, गोंडा तथा जनपद फिरोजाबाद में शहीद कैप्टन देवेश कुमार कुलश्रेष्ठ की 3 फीट आवक्ष कांस्य प्रतिमा, गांव मचन तहसील व थाना जसराना, फिरोजाबाद में स्थापित की जायेगी।
उन्होंने बताया कि इसी क्रम में जनपद मुरादाबाद में महाराणा प्रताप की 12.5 फीट अश्वारोही कांस्य प्रतिमा तुकना स्थिति लोहिया पार्क के पास मुरादाबाद में, रामपुर जनपद में वीर शरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा 12.5 फीट अश्वारोही जो प्रस्तावित की गयी थी उसे बाराबंकी में स्थापित करायी जायेगी। इसी प्रकार महाराजगंज जनपद में शब्बन लाल सक्सेना की 6 फीट सफेद संगमरमर की प्रतिमा जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज महाराजगंज में तथा जनपद वाराणसी में महाराणा प्रताप जी की 12.5 फीट अश्वारोही कांस्य प्रतिमा गलट बाजार पुलिस चौकी वाराणसी में स्थापित की जायेगी। इन निर्मित मूर्तियों को शीघ्र ही स्थापित करा दिया जायेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन