पुलिस अधीक्षक ने वायरल वीडियाे का लिया संज्ञान, थानाध्यक्ष को किया लाइन हाजिर
विद्युत आपूर्ति की मांग को लेकर हाइवे जाम करने वालों के साथ की थी मारपीट
हमीरपुर, 31 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में विद्युत आपूर्ति की मांग को लेकर हाइवे जाम करने वालों के साथ गाली-गलौज करके मारपीट करने वाले सुमेरपुर थानाध्यक्ष का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने कड़ा रुख अपनाते हुए उसको तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करके जांच सीओ सदर को सौंपी है।
रविवार को सुमेरपुर कस्बे के वार्ड संख्या तीन के महिलाओं पुरुषों ने बिजली की आपूर्ति बहाल करने की मांग को लेकर हाइवे को जाम कर दिया था। जाम की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष योगेश तिवारी पुलिस बल के साथ जाम खुलवाने पहुंचे थे। बातचीत के दौरान उनका पारा सातवें आसमान में पहुंच गया और जाम लगाए एक युवक पर उन्होंने ताबड़तोड़ थप्पड़ों से प्रहार कर दिया। इसका किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने तत्काल संज्ञान लेते हुए थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर करके जांच सीओ सदर राजेश कमल को सौंपी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा