त्योहारों में उपभोक्ता हितों की सुरक्षा के लिए प्रदेशव्यापी अभियान तेज
लखनऊ, 29 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा और बाजार में पारदर्शी व्यापारिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैयादूज और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के मद्देनजर प्रदेश में घटतौली, पैकेज्ड वस्तुओं पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से ज्यादा वसूली और माप-तौल संबंधी अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए विधिक माप विज्ञान विभाग का विशेष जांच अभियान तेज कर दिया गया है।
26 अक्टूबर 2026 से शुरू हुआ यह सघन अभियान प्रथम चरण में 31 अक्टूबर तक चलेगा। इसके बाद 2 नवंबर से 5 नवंबर 2026 तक दूसरे चरण में प्रदेशव्यापी जांच की जाएगी। अभियान का उद्देश्य त्योहारों पर बढ़ी खरीदारी के बीच उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति सुरक्षित रखना और नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारिक प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
नियंत्रक विधिक माप विज्ञान अमनदीप डुली के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जनपदों में विभागीय टीमें सक्रिय हैं। उपनियंत्रक, सहायक नियंत्रक, वरिष्ठ निरीक्षक और निरीक्षक नियमित जांच के साथ बाजारों में औचक निरीक्षण भी कर रहे हैं, ताकि त्योहारों की भीड़ का लाभ उठाकर उपभोक्ताओं से अनुचित वसूली करने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
त्योहारों में उपभोक्ता हितों की सुरक्षा प्राथमिकता
उत्तर प्रदेश सरकार का प्रयास है कि त्योहारों के दौरान आम नागरिकों को खरीदारी में किसी प्रकार की धोखाधड़ी, घटतौली या अनुचित मूल्य वसूली का सामना न करना पड़े। विधिक माप विज्ञान विभाग का यह अभियान बाजार में निष्पक्ष व्यापारिक व्यवहार को बढ़ावा देने, उपभोक्ता विश्वास मजबूत करने और निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विभागीय टीमें अभियान के दौरान माप-तौल उपकरणों, पैकेज्ड वस्तुओं पर अनिवार्य घोषणाओं, घोषित मात्रा और मूल्य से संबंधित नियमों की जांच कर रही हैं। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। सरकार की मंशा है कि प्रदेशवासी त्योहारों को विश्वास, पारदर्शिता और सुरक्षित खरीदारी के माहौल में मना सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन