अपशिष्ट पृथक्करण की अत्याधुनिक मशीनाें से स्वच्छ प्रयागराज अभियान को मिलेगी नई गति : सीलम साईं तेजा

 


प्रयागराज, 11 मई (हि.स.)। अपशिष्ट पृथक्करण की अत्याधुनिक आधुनिक मशीनों के उपयोग से शहर की स्वच्छता व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। यह बातें सोमवार को एचडीएफसी बैंक द्वारा प्रदान की गई मशीनों के संबंध में जानकारी देते हुए नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा ने कहीं।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ प्रयागराज के लक्ष्य को प्राप्त करने में यह पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। स्वच्छ एवं आधुनिक प्रयागराज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए एक निजी बैंक द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व योजना के अंतर्गत प्रयागराज नगर निगम को कचरा पृथक्करण हेतु अत्याधुनिक मशीनें भेंट की गईं। इनमें घूमन चलनी मशीन तथा ठोस अपशिष्ट पृथक्करण यंत्र शामिल हैं। इन मशीनों का उद्देश्य नगर निगम की ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं तकनीकी रूप से सक्षम बनाना है।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा, अपर नगर आयुक्त दीपेन्द्र यादव, सहायक नगर आयुक्त दीपशिखा पांडेय, नगर निगम के वित्त अधिकारी राजकुमार शर्मा सहित सभी जोनल अधिकारी उपस्थित रहे।

बैंक की ओर से क्षेत्रीय अधिकारी प्रभात उपाध्याय के मार्गदर्शन में समूह प्रमुख संतोष सिंह, शाखा प्रबंधक अभय प्रताप सिंह एवं अमित कुमार सिंह कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को मशीनों की कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई। घूमन चलनी मशीन के माध्यम से कचरे को विभिन्न आकार एवं श्रेणियों में अलग किया जा सकेगा, जिससे गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण अधिक सरल एवं तीव्र होगा। वहीं ठोस अपशिष्ट पृथक्करण यंत्र प्लास्टिक, कागज तथा अन्य अपशिष्ट पदार्थों को अलग करने में सहायक होगा, जिससे पुनर्चक्रण प्रक्रिया को गति मिलेगी तथा संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो सकेगा।

नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि इन आधुनिक मशीनों के उपयोग से शहर की स्वच्छता व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ प्रयागराज के लक्ष्य को प्राप्त करने में यह पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने निजी बैंक की इस सामाजिक उत्तरदायित्व पहल की सराहना करते हुए कहा कि नगर निगम एवं निजी संस्थानों के सहयोग से शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में यह एक सराहनीय कदम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल