शिक्षक विधान परिषद चुनाव और एसआईआर अभियान को लेकर भाजपा की रणनीतिक बैठक, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर जोर
गोरखपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी शिक्षक विधान परिषद चुनाव की तैयारियों और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा राष्ट्रीय मंत्री, राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी प्रदीप वर्मा ने पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय रानीडीहा में गोरखपुर क्षेत्र के सांसदों, विधायकों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ संगठनात्मक बैठक की। बैठक में शिक्षक विधान परिषद चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए शिक्षक मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित करने, प्रभावी संवाद के माध्यम से उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करने तथा बूथ स्तर पर एसआईआर अभियान को गति देने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में आगामी शिक्षक विधान परिषद चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों को चुनाव की तकनीकी प्रक्रियाओं, मतदाताओं से संपर्क की रणनीति और संगठनात्मक समन्वय के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके साथ ही 17 से 24 अक्टूबर तक चलाए जाने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
शिक्षक मतदाताओं से सीधा संवाद चुनाव की महत्वपूर्ण कड़ी
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश सह प्रभारी प्रदीप वर्मा ने शिक्षक विधान परिषद चुनाव की प्रक्रिया और उसकी बारीकियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में शिक्षक मतदाताओं के साथ व्यक्तिगत संपर्क और सीधा संवाद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए सभी सांसदों, विधायकों एवं पार्टी के जनप्रतिनिधियों को शिक्षक समाज के बीच पहुंचकर उनसे संवाद स्थापित करना चाहिए। मतदाताओं को चुनाव से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी देने के साथ मतदान के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों से चुनाव की तैयारियों को गंभीरता से लेने तथा संगठनात्मक स्तर पर समन्वय बनाकर निर्धारित रणनीति के अनुसार कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावी जनसंपर्क, सतत संवाद और मतदाताओं तक समय से पहुंचना चुनावी तैयारियों के महत्वपूर्ण पहलू हैं।
शिक्षक समाज के बीच विश्वास और संपर्क मजबूत करने का आह्वान
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि शिक्षक विधान परिषद का चुनाव समाज के प्रबुद्ध वर्ग से जुड़ा महत्वपूर्ण चुनाव है। इसमें व्यक्तिगत संपर्क, संवाद और विश्वास की विशेष भूमिका होती है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से शिक्षक बंधुओं के बीच पहुंचकर उनसे आत्मीय संवाद स्थापित करने तथा भाजपा सरकार की ओर से शिक्षक हितों में किए जा रहे कार्यों और प्रयासों की जानकारी साझा करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखना और उनकी बातों को गंभीरता से सुनना आवश्यक है। जनप्रतिनिधि शिक्षकों के बीच जाकर संवाद करें और उन्हें मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करते हुए भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए संगठनात्मक प्रयासों को प्रभावी बनाएं। उन्होंने चुनाव की तैयारियों में आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर भी बल दिया।
एसआईआर अभियान में कोई पात्र मतदाता न छूटे : पंकज चौधरी
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि 17 से 24 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के दौरान मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने के लिए बूथ स्तर पर गंभीरता से कार्य किया जाना चाहिए। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र एवं वास्तविक मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
उन्होंने निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधि संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को गति दें। बूथ स्तर पर मतदाता सूची की समीक्षा करते हुए पात्र मतदाताओं की पहचान की जाए और जिन लोगों के नाम किसी कारणवश सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उन्हें नियमानुसार नाम जुड़वाने की प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने मतदाता सूची में त्रुटियों के सुधार और पात्र मतदाताओं के नाम शामिल कराने के लिए निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुसार सहयोग करने पर जोर दिया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसलिए एसआईआर अभियान को केवल औपचारिक गतिविधि के रूप में न लेते हुए इसे जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाए। इसके लिए संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखना आवश्यक है।
वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
बैठक की शुरुआत में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश सह प्रभारी प्रदीप वर्मा तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। बैठक का संचालन क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजीव राय ने किया।
बैठक में शिक्षक विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को प्रभावी बनाने, शिक्षक मतदाताओं के साथ सतत संपर्क स्थापित करने तथा एसआईआर अभियान को बूथ स्तर तक सक्रियता के साथ संचालित करने की रणनीति पर जोर दिया गया। पार्टी नेतृत्व ने जनप्रतिनिधियों से संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए निर्धारित कार्यक्रमों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय