राहुल गांधी की सद्बुद्धि के लिए मंत्री ने किया यज्ञ

 


रायबरेली,27सितम्बर(हि. स.)। उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने रविवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की सद्बुद्धि के लिये यज्ञ का आयोजन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हवन-पूजन कर मां सरस्वती से नेता प्रतिपक्ष को सद्बुद्धि प्रदान करने की प्रार्थना की। इस आयोजन को लेकर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है व इसे तुच्छ मानसिकता बताया है।

उल्लेखनीय है कि रविवार को रायबरेली शहर के शहीद चौक पर सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन किया गया। प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह द्वारा आयोजित इस यज्ञ में जिले के कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। यज्ञ में मां सरस्वती से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के लिए सद्बुद्धि की प्रार्थना की गई। यज्ञ के बाद दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं को लेकर राहुल गांधी लोकतंत्र के प्रति अविश्वास पैदा करते हैं। संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान प्रत्येक राजनीतिक दल का कर्तव्य बनता है, लेकिन राहुल के नेतृत्व में कांग्रेस हर बार सवाल उठाकर अपनी हार का ठीकरा उन पर फोड़ने की कोशिश कर रही है।

राज्य मंत्री ने आरोप लगाया कि रायबरेली के सांसद राहुल गांधी लोकसभा में अपने संसदीय क्षेत्र के विकास के कई मुद्दों को लेकर शायद ही कभी बात उठाई हो। सांसद होने के नाते राहुल गांधी का कर्तव्य बनता है कि वह अपने जिले व क्षेत्र के विकास को लेकर रोजगार, शिक्षा और कई बुनियादी सुविधाओं के मुद्दों को सदन में मजबूती से रखें।

राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र और निष्पक्ष संस्था है और इसके कामकाज को लेकर राजनीतिक दलों को हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। कार्यक्रम में भाजपा के जिला अध्यक्ष बुद्धिलाल पासी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। हालांकि इसके बाद कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने गुस्सा जाहिर करते हुए इसे तुच्छ मानसिकता बताया। पार्टी के जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने कहा कि इस तरह के गिरी राजनीति करके असली सवालों को दबाया नहीं जा सकता। राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त के असली चेहरे को बेनकाब किया है। देश का युवा अब इनके झांसे में नहीं आने वाला है।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे