आयुष्मान भारत योजना : कमियां मिलने पर अस्पतालों की सेवाएं निलंबित, तीन की संबद्धता समाप्त

 


मुरादाबाद, 22 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद में आयुष्मान भारत योजना के तहत निजी अस्पतालों में कमियां मिलने पर स्टेट हेल्थ एजेंसी की ओर से कई अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इसमें कुछ अस्पतालों की सेवाएं निलंबित करने, कुछ का भुगतान रोकने और तीन की संबद्धता समाप्त करने की कार्रवाई शामिल है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डा. कुलदीप सिंह का कहना है कि योजना के अंतर्गत किसी भी अस्पताल के खिलाफ शिकायत मिलने पर जांचकर कार्रवाई की जाएगी।

स्टेट हेल्थ एजेंसी (साचीज) के निर्देश पर डिस्ट्रिक्ट इम्पैनलमेंट कमेटी की ओर से आयुष्मान भारत योजना से संबद्ध निजी चिकित्सालयों का भौतिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण की रिपोर्ट साचीज कार्यालय को भेजी गई।

इसी क्रम में योजना के मानकों, निर्धारित प्रावधानों के उल्लंघन और अन्य कमियां पाए जाने पर एबीएस हॉस्पिटल रामपुर दोराहा, एमआई हॉस्पिटल सिरसवां दोराहा, सर्जिमेड हॉस्पिटल रामपुर दोराहा, यूनिक हॉस्पिटल दिल्ली रोड और गैलेक्सीसर्जिकल हॉस्पिटल रामगंगा विहार की आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सेवाएं अग्रिम आदेश तक निलंबित कर दी गई हैं। वहीं, पुष्पांजलि नर्सिंग होम रामगंगा विहार, गुप्ता नर्सिंग होम आशियाना और आयुष्मान हॉस्पिटल बिलारी की संबद्धता समाप्त कर दी गई है। आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी डॉ. राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि समय-समय पर निरीक्षण कर कार्रवाई की जाती है। सभी सूचीबद्ध अस्पतालों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।---------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल