सीएसजेएम एवं बेरी सेंटर टेक्नोलॉजी के बीच हुआ एमओयू, नवाचार को मिलेगा बढ़ावा : कुलपति

 


कानपुर, 24 मार्च (हि.स.)। स्टार्टअप्स को वित्तीय सहयोग, मेंटरशिप, उद्योग से जुड़ाव और अपने विचारों को व्यावसायिक रूप देने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर नवाचार को नई दिशा दी जाएगी। यह पहल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ क्षेत्रीय स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को भी मजबूती प्रदान करेगी। यह बातें मंगलवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कही।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित सीएसजेएम इनोवेशन फाउंडेशन एवं बेरी सेंटर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के मध्य मंगलवार को महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का मुख्य उद्देश्य नवाचार एवं स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को सशक्त बनाना है, जिसके तहत बेरी सेंटर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विभिन्न उभरते एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्टार्टअप्स को वित्तीय सहयोग प्रदान किया जाएगा।

यह सहयोग विशेष रूप से कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मशीन लर्निंग, सतत विकास तथा अन्य उभरते प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में कार्यरत स्टार्टअप्स के विकास को गति देगा। इस पहल के माध्यम से स्टार्टअप्स को न केवल आर्थिक सहायता मिलेगी, बल्कि उन्हें उद्योग से जुड़ाव, मार्गदर्शन एवं विस्तार के अवसर भी प्राप्त होंगे।

समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक तथा बेरी सेंटर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से दिव्यांशु भारद्वाज (विधिक सलाहकार) ने किए। इस अवसर पर डॉ. शिल्पा देशपांडे, प्रो. बृष्टि मित्रा, डॉ. दिव्यांश शुक्ला, अंशु सिंह, डॉ. सिद्धांशु राय, पीयूष सिंह, डॉ. विवेक सचान, प्रभाकर सिंह, शैलेंद्र यादव, अनिल त्रिपाठी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप