कठिन परिस्थितियों में एक-दूसरे का साथ निभाना श्रेष्ठ दांपत्य जीवन की पहचान : आचार्य शांतनु
जौनपुर,29 अक्टूबर(हि.स.)। यूपी के जौनपुर में बीआरपी इंटर कॉलेज मैदान में भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्ञान प्रकाश सिंह की ओर से आयोजित नौ दिवसीय श्रीरामकथा का गुरुवार को भावपूर्ण समापन हुआ। अंतिम दिन कथाव्यास आचार्य शांतनु जी महाराज ने शबरी की भक्ति, सुंदरकांड, लंका विजय और भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने से लेकर राज्याभिषेक तक के प्रसंगों का मार्मिक वर्णन किया। कथा सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंजता रहा।
आचार्य शांतनु जी महाराज ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में एक-दूसरे का साथ निभाना ही श्रेष्ठ दांपत्य जीवन की पहचान है। भगवान श्रीराम और माता सीता के प्रसंगों के माध्यम से उन्होंने प्रेम, विश्वास, त्याग और पारिवारिक मर्यादा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन समाज को कर्तव्यनिष्ठा, मर्यादा और लोककल्याण की राह दिखाता है।
शबरी प्रसंग का वर्णन करते हुए आचार्य ने कहा कि भगवान श्रीराम ने शबरी के जूठे बेर खाकर संसार को संदेश दिया कि ईश्वर की दृष्टि में जाति, कुल और ऊंच-नीच का भेद नहीं, बल्कि सच्ची श्रद्धा और निष्कपट भक्ति सर्वोपरि है। शबरी की प्रतीक्षा और समर्पण से प्रेरणा लेते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रेम, सेवा और समानता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। सुंदरकांड और लंका विजय के प्रसंगों के जरिए उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म पर अडिग रहने की सीख दी।
कथा के अंतिम चरण में भगवान श्रीराम के 14 वर्ष का वनवास पूरा कर अयोध्या लौटने और उनके राज्याभिषेक का वर्णन किया गया। लव-कुश प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने सीता की स्वर्ण प्रतिमा के माध्यम से यज्ञ संपन्न कराने के प्रसंग को भी समझाया।
आयोजक ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि श्रीरामकथा का उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्शों, भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। आचार्य शांतनु महाराज ने ज्ञान प्रकाश सिंह की सराहना करते हुए कहा कि वह आगे भी इसी प्रकार श्रीरामकथा का आयोजन कराते रहें और जौनपुरवासी कथा में भक्ति की डुबकी लगाते रहें।
इनकी रही उपस्थिति
अंतिम दिन पूर्व डीजीपी राजकुमार विश्वकर्मा, चित्रकूट दिव्यांग विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आरएन त्रिपाठी, अम्बरीष सिंह ‘भोला’, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह, सिद्धार्थ सिंह, भाजपा नेता सुधांशु सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुभाष सिंह यादव, राजवीर सिंह ‘राजा’, संतोष मिश्रा और माध्यमिक शिक्षक संघ के नेता संतोष सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन में सेवा भारती के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव