भारी बारिश के बीच सड़कों पर उतरे एसएसपी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

 














गोरखपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश के मद्देनजर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर डॉक्टर कौस्तुभ ने शनिवार को स्वयं विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जलभराव वाले तथा आवागमन की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए पुलिस बल और यातायात पुलिस के जवानों को आमजन की सुरक्षा एवं सहायता के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर कौस्तुभ ने प्रमुख सड़कों, चौराहों और जलभराव से प्रभावित इलाकों में तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि बारिश के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के साथ ही आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने तथा आवश्यकता पड़ने पर लोगों की मदद के लिए तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए।

सभी थाना प्रभारियों एवं पीआरवी (डायल 112) को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सघन गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस को जलभराव वाले स्थानों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने के साथ ही यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।

अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

गोरखपुर पुलिस ने भारी बारिश के बीच आमजन से धैर्य एवं शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने नागरिकों से कहा है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक खबर पर विश्वास न करें और केवल अधिकृत माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि अत्यंत आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें। जलभराव वाले रास्तों पर जाने से बचें और बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मर तथा विद्युत तारों से पर्याप्त दूरी बनाए रखें। वाहन चालकों से भी अपील की गई है कि बारिश और जलभराव के बीच वाहनों की गति नियंत्रित रखें तथा प्रशासन की ओर से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का पालन करें।

आपात स्थिति में डायल 112 से करें संपर्क

पुलिस ने कहा कि बारिश के कारण यदि किसी नागरिक के सामने किसी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति उत्पन्न होती है तो वह बिना किसी झिझक के तत्काल डायल 112 अथवा संबंधित थाने से संपर्क कर सकता है। पुलिस टीमों को जरूरतमंद लोगों की त्वरित सहायता के लिए अलर्ट मोड में रखा गया है।

गोरखपुर पुलिस ने कहा कि भारी बारिश के दौरान नागरिकों की सुरक्षा, सुगम आवागमन और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सतर्क रहकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय