ईद व अलविदा की नमाज को लेकर पुलिस अलर्ट, शहर में सघन पैदल गश्त

 




गोरखपुर, 20 मार्च (हि.स.)। आगामी त्यौहार ईद एवं अलविदा की नमाज को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जनपद पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ के निर्देशन में गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।

इसी क्रम में एसएसपी डॉ. कोस्तुभ ने कोतवाली क्षेत्र में इंस्पेक्टर के साथ पैदल गश्त कर भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने के निर्देश दिए।

वहीं, पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल ने दशरथ क्षेत्र में क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि सिंह के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने त्योहार के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की गई कि वे शांति और भाईचारा बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

जनपद पुलिस द्वारा लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि ईद और अलविदा की नमाज सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय