एसएससी-जीडी परीक्षा में तकनीकी गड़बड़ी पर अभ्यर्थियों का हंगामा, हाईवे जाम-परीक्षा रद्द

 


प्रयागराज, 26 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित सरायइनायत थाना क्षेत्र के सुनीता सिंह-सीता सिंह महाविद्यालय अंदाजा में आयोजित एसएससी-जीडी भर्ती परीक्षा के दौरान तकनीकी गड़बड़ी के कारण मंगलवार को अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा किया। सर्वर ठप होने से परीक्षा प्रभावित होने पर नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र में तोड़फोड़ की और प्रयागराज-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति को नियंत्रित किया गया। इसके बाद दिनभर की परीक्षा निरस्त कर दी गई।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि एसएससी-जीडी भर्ती परीक्षा तीन पालियों में आयोजित होनी थी। मंगलवार को प्रथम पाली सुबह 10 बजे शुरू हुई, जिसमें 600 अभ्यर्थियों के सापेक्ष लगभग 450 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। परीक्षा प्रारंभ होते ही कंप्यूटर सर्वर में तकनीकी समस्या आ गई, जिसके चलते परीक्षा बाधित हो गई।

तकनीकी समस्या दूर न होने पर अभ्यर्थियों का आक्रोश बढ़ गया। उन्होंने परीक्षा केंद्र में रखे कंप्यूटर, कुर्सियां तथा अन्य उपकरण क्षतिग्रस्त कर दिए। कुछ कमरों की खिड़कियां भी तोड़ दी गईं और कूलरों को नुकसान पहुंचाया गया। इसके बाद अभ्यर्थी सड़क पर उतर आए और प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर जाम लगा दिया।

सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद अभ्यर्थियों को समझाकर यातायात बहाल कराया गया।

सरायइनायत थाना प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता ने बताया कि परीक्षा केंद्र में तोड़फोड़ और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटना की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

एसएससी के क्षेत्रीय प्रमुख आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तकनीकी कारणों से परीक्षा प्रभावित हुई है। परीक्षा केंद्र को हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट संबंधित विभागों को भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रभावित अभ्यर्थियों की परीक्षा पुनः आयोजित की जाएगी तथा नई तिथि जल्द घोषित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल