हॉकी प्रतियोगिता में स्पोर्ट्स स्टेडियम ग्रीन टीम ने किया शानदार प्रदर्शन

 


देवरिया, 10 मई (हि.स.)। रवीन्द्र किशोर शाही स्टेडियम में आयोजित एक दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता में स्पोर्ट्स स्टेडियम ग्रीन टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में कुल चार टीमों ने हिस्सा लिया और खिलाड़ियों ने रोमांचक मुकाबलों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

प्रतियोगिता का पहला मुकाबला ज्ञान प्रकाश इंटर कॉलेज और स्पोर्ट्स स्टेडियम ग्रीन के बीच खेला गया। कड़े संघर्ष वाले इस मैच में स्पोर्ट्स स्टेडियम ग्रीन ने एक गोल से जीत दर्ज की। टीम की ओर से अजय ने निर्णायक गोल कर अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाया।

वहीं दूसरा मुकाबला सीवान और स्पोर्ट्स स्टेडियम रेड के बीच हुआ, जिसमें सीवान की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए दो गोल से जीत हासिल की।

फाइनल मुकाबले में स्पोर्ट्स स्टेडियम ग्रीन और सीवान की टीमें आमने-सामने रहीं। मैच की शुरुआत से ही ग्रीन टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और सीवान को संभलने का मौका नहीं दिया। स्पोर्ट्स स्टेडियम ग्रीन ने सीवान को 5-0 के बड़े अंतर से हराकर प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। विजेता टीम की ओर से पहला गोल साहिल ने, दूसरा गोल सोभित ने और तीसरा गोल अजय ने किया। इसके बाद अरिंदम तिवारी ने लगातार दो गोल कर टीम की जीत को और मजबूत बना दिया।

प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि अकरम सिद्दीकी और अनुराग श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पुरस्कार प्रदान किए।

प्रतियोगिता में रवि कनोजिया और सुप्रिया कुमारी ने निर्णायक की भूमिका निभाई, जबकि आयोजन को सफल बनाने में हॉकी प्रशिक्षक शकील अहमद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक