बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलकूद जरूरी : विकास चंद्र तिवारी
कानपुर, 22 फरवरी (हि.स.)। शिक्षा के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं। इससे उनका आत्मविश्वास और अनुशासन मजबूत होता है। यह बातें रविवार को पीएम कम्पोजिट विद्यालय खेरसा के प्रधानाचार्य विकास चंद्र तिवारी ने कही।
कानपुर के विधनू क्षेत्र स्थित पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय खेरसा में शनिवार को विद्यालय स्तरीय वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रधानाचार्य विकास चंद्र तिवारी और ग्राम प्रधान गोमती देवी ने किया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की। अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।
वार्षिकोत्सव के दौरान बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। जूनियर कक्षाओं की बालिकाओं ने “सत्यम शिवम सुंदरम” गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद डांडिया नृत्य की प्रस्तुति हुई और “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” की थीम पर लघु नाटिका के माध्यम से सामाजिक संदेश दिया गया। अन्य रंगारंग कार्यक्रमों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रमों की तैयारी सहायक अध्यापिका सारिका सिंह के मार्गदर्शन में कराई गई।
प्रधानाचार्य ने अभिभावकों को सम्बोधित करते हुए शिक्षा के साथ खेलकूद में सहभागिता के महत्व पर जोर दिया। सहायक अध्यापिका सारिका सिंह ने कहा कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ बच्चों के व्यक्तित्व विकास के लिए निरंतर गतिविधियां कराई जाती हैं, ताकि बच्चों का आत्मविश्वास बढ़े और उनकी छिपी प्रतिभाएं निखरें। मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान गोमती देवी ने बच्चों में अनुशासन और संस्कार विकसित करने पर बल दिया और विद्यालय के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि को शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों को भी सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर आरपी रीना चंदेल, एसएमसी अध्यक्ष पुष्पा देवी, उपाध्यक्ष बंदना साहू सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप