सर्वाेदय विद्यालयों में दो चरणों में होंगी खेल प्रतियोगिताएं

 


लखनऊ, 12 नवंबर (हि.स.)। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वाेदय विद्यालयों में विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताएं दो चरणों में होंगी। पहले चरण में 18 और 19 नवंबर को जनपद स्तर पर तथा दूसरे चरण में 26, 27 और 28 नवंबर को मंडल स्तर पर मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

प्रतियोगिताओं में कबड्डी और वॉलीबाल के साथ एथलेटिक्स को भी शामिल किया गया है। एथलेटिक्स में 100, 200 और 400 मीटर दौड़ की प्रतियोगिताएं जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों में होंगी, जबकि भाला फेंक में सीनियर वर्ग के विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। जूनियर वर्ग में कक्षा छह से आठ और सीनियर वर्ग में कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे।

समाज कल्याण विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जनपद स्तर पर प्रतियोगिताओं के आयोजन की जिम्मेदारी जिला समाज कल्याण अधिकारियों को सौंपी गई है, जबकि मंडल स्तर पर संयुक्त एवं उप निदेशक समाज कल्याण नोडल अधिकारी होंगे। संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य आयोजन की व्यवस्थाएं संभालेंगे। प्रतियोगिताओं के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों का विवरण व तस्वीरें निदेशालय को भेजी जाएंगी। इस पहल से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन