खेलों से विकसित होता अनुशासन और नेतृत्व, विद्यार्थी बनते हैं सशक्त : डॉ. श्रवण कुमार यादव

 


कानपुर, 28 मार्च (हि.स.)। खेलों के माध्यम से छात्रों में अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने का काम करते हैं। यह बातें शनिवार को प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव ने कहीं।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा एकलव्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में इंट्राम्यूरल एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें चार हाउसाें के लगभग 127 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में 100, 200, 400 मीटर दौड़, 4x100 मीटर मिक्स्ड रिले, शॉटपुट और लाॅंग जंप जैसे इवेंट आयोजित किए गए।

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए भगत सिंह हाउस ने पांच स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया। वहीं महाराणा प्रताप हाउस ने भी चार स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य सहित कुल 10 पदक जीतकर कड़ी टक्कर दी। आजाद हाउस सात पदकों के साथ तीसरे और शिवाजी हाउस छह पदकों के साथ चौथे स्थान पर रहा।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में प्रज्ञा कुशवाहा ने महिला वर्ग में 100, 200 मीटर और लाॅंग जंप में स्वर्ण पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग में सूरज यादव और अजीत ने 100 और 200 मीटर स्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए। वहीं 4x100 मीटर मिक्स्ड रिले में महाराणा प्रताप हाउस की टीम विजेता रही।

समापन समारोह में क्रीड़ा सचिव डॉ. निमिषा सिंह कुशवाहा, विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव और इंट्राम्यूरल सचिव अभिषेक मिश्रा ने विजेताओं को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. प्रभाकर पांडे, सौरभ तिवारी, धर्मेंद्र कुमार चौहान, कोच राहुल दीक्षित सहित अन्य शिक्षक और प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप