व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन और टीम भावना का प्रभावी माध्यम है खेल : प्रो. विनय कुमार पाठक
कानपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। विद्यार्थियों को मेजर ध्यानचंद के अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास से प्रेरणा लेकर खेलों में आगे बढ़ना चाहिए। यह बातें शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहीं।
मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर सीएसजेएमयू में शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस खेल भावना के साथ मनाया गया। शारीरिक शिक्षा विभाग और स्टूडेंट काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के 673 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। विश्वविद्यालय परिसर में बैडमिंटन, खो-खो, वॉलीबॉल, कबड्डी और रस्साकशी समेत विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अंशु यादव, प्रो. बृष्टि मित्रा और शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव ने मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिताओं से पहले खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्षता के साथ खेलने की शपथ दिलाई गई।
कुलपति ने भारतीय हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के खेल योगदान को याद करते हुए विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेने के लिए कहा। इसके बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव, डॉ. आरपी सिंह, डॉ. प्रभाकर पांडेय, आयोजन सचिव अभिषेक मिश्रा, धर्मेंद्र कुमार चौहान और मोहित तिवारी ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए निरंतर अभ्यास और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम में पुरुष वॉलीबॉल में शारीरिक शिक्षा विभाग की टीम-बी विजेता और टीम-ए उपविजेता रही। महिला वॉलीबॉल में टीम-ए ने पहला और टीम-बी ने दूसरा स्थान हासिल किया। पुरुष खो-खो में शारीरिक शिक्षा विभाग विजेता और शिवाजी बॉयज हॉस्टल उपविजेता रहा, जबकि महिला खो-खो में शारीरिक शिक्षा विभाग ने पहला और स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
पुरुष कबड्डी में शारीरिक शिक्षा विभाग विजेता और कृषि विभाग उपविजेता रहा। महिला कबड्डी में शारीरिक शिक्षा विभाग विजेता रहा। पुरुष रस्साकशी में शारीरिक शिक्षा विभाग ने पहला और यूआईईटी ने दूसरा स्थान हासिल किया। महिला रस्साकशी में शारीरिक शिक्षा विभाग विजेता और स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेज उपविजेता रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप