कानपुर में सडे आलू और मैदा से बन रहे 3200 कच्चे समोसे नष्ट, मसाला भी अधोमानक
कानपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। उत्तर पदेश के जनपद कानपुर में रेलवे की कैंटीनों और दुकानों में सप्लाई होने वाले समोसों की निर्माण इकाइयों में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिलने पर कार्रवाई की गई। सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय संजय प्रताप सिंह ने बताया कि जांच के दौरान एक इकाई में करीब डेढ़ क्विंटल सड़ा आलू मिला, जबकि तीन इकाइयों से 3200 बिना तले समोसे और 25 किलो तैयार आलू मसाला नष्ट कराया गया। एक इकाई को सील करने के साथ 48 बोरियों में रखा 2384 किलो मैदा भी जब्त किया गया। यह कार्रवाई गुरुवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर की गई।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में टीम ने रेल बाजार स्थित तीन समोसा निर्माण इकाइयों की जांच की। कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत की गई। टीम ने निर्मल कुमार मिश्र की निर्माण इकाई में छापा मारा तो परिसर में करीब डेढ़ क्विंटल सड़ा आलू और 400 बिना तले समोसे मिले। इन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। यहां से मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और तैयार समोसे के तीन नमूने भी जांच के लिए लिए गए।
इसके बाद बन्टू यादव की समोसा निर्माण इकाई की जांच की गई। यहां नौकर और मजदूर खाद्य पदार्थ तैयार करते मिले। परिसर में 800 बिना तले समोसे और पांच किलो आलू मसाला अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा मिला। टीम ने दोनों को नष्ट करा दिया। संचालक को कई बार बुलाने के बावजूद वह मौके पर नहीं पहुंचा और खाद्य लाइसेंस भी प्रस्तुत नहीं किया गया। इस पर निर्माण इकाई को सील कर दिया गया।
रेल बाजार के हाता नंबर-दो स्थित मोहम्मद शोएब की समोसा निर्माण इकाई में 2000 बिना तले समोसे और 20 किलो तैयार आलू मसाला अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा मिला। टीम ने इन्हें भी मौके पर नष्ट करा दिया। यहां से मैदा, रिफाइंड पामोलिन तेल और समोसे के आलू-मसाले के तीन नमूने लिए गए। इसके अलावा परिसर में 48 बोरियों में रखा 2384 किलो मैदा सीज किया गया।
संजय प्रताप सिंह ने बताया कि तीनों इकाइयों में तैयार होने वाले समोसे रेलवे की कैंटीनों और दुकानों में सप्लाई किए जाते हैं। कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों के कुल छह नमूने लिए गए हैं। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप