तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से दरोगा घायल, टेंट संचालक ने तोड़ा दम
कानपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। बिठूर थाना क्षेत्र अंतर्गत देर रात तेज रफ्तार कार ने ड्यूटी पर तैनात दरोगा समेत तीन को टक्कर मार दी। हादसे में टेंट संचालक ने इलाज के दौरान मंगलवार को दम तोड़ दिया। जबकि दरोगा की हालत गंभीर बनी हुई है और मामूली रूप से घायल साइकिल सवार को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
कल्याणपुर के कश्यप नगर निवासी फूल सिंह कुशवाहा (45) टेंट कारोबारी थे। उनके भतीजे मनीष ने बताया कि सोमवार को सुंदरम पार्टी लॉन में टेंट का काम लगा हुआ था। देर रात काम निपटाने के बाद वह अपने चाचा के साथ घर लौट रहे थे। टिकरा पुल के पास लघुशंका के लिए दोनों रुके थे, तभी कल्याणपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने पहले एक बाइक सवार को टक्कर मारी और फिर फूल सिंह को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर आगे गड्ढे में पलट गया।
इसी दौरान टिकरा चौकी में तैनात दरोगा प्रदीप कुमार क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें भी टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना में गंभीर रूप से घायल फूल सिंह कुशवाहा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दरोगा प्रदीप कुमार का अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। वहीं हादसे में घायल तीसरे व्यक्ति, बाइक सवार को मामूली चोटें आईं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर बोलेरो को जब्त कर आरोपित चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप