भाजपा कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर सत्यापन तेज करें, फर्जी वोटरों पर रखें कड़ी नजर : अनूप गुप्ता
कानपुर, 06 दिसंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता ने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर कुंडी खड़काके फर्जी मतदाताओं, घुसपैठियों रोहिंग्या को चिन्हित कर बीएलओ व पार्टी को सूचित करें। जहां पर 75 प्रतिशत से कम न्यूमरेशन फॉर्म जमा हुए हैं, उन बूथों पर पहुंचकर लोगों से संपर्क कर उनके फार्म जमा करवाएं।
प्रदेश महामंत्री व एमएलसी अनूप गुप्ता ने सर्व प्रथम जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित व विधायक नीलिमा कटियार के साथ कल्याणपुर विधानसभा के तिलक नगर मंडल के बूथ संख्या 248 व 249 का एसआईआर अभियान को लेकर स्थिति को परखा। साथ ही बीएलओ से न्यूमरेशन फॉर्म जमा होने की स्थितियों पर बात की और वहां उपस्थित कार्यकर्ताओं से बीएलओ को पूर्ण सहयोग करने का आह्वान किया। इसके बाद गीता नगर मंडल के बूथ संख्या 170 से 174 तक का जायजा लिया और अभियान की प्रगति पर संतोष जताते हुए बीएलओ और सुपरवाइजर को सम्मानित भी किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि 16 दिसंबर को ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद 17 दिसंबर से 17 जनवरी तक मतदाता बनने में छूटे हुए लोगों व नव मतदाताओं जिनकी उम्र एक जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की पूर्ण हो रही है, उनको ढूंढ कर उनका फॉर्म-6 भरवा कर मतदाता बनाएं।
जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि यह अभियान देश के लिए एक महत्वपूर्ण अभियान है। यह देश की तकदीर और तस्वीर बदलने वाला अभियान है। हम सबको इस अभियान में अपना शतप्रतिशत योगदान देकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी है। इस अवसर पर जन्मेजय सिंह, अवधेश सोनकर, ब्रजनन्दन दुबे, सत्यम गुप्ता, अश्वनी गौतम, द्वारिका सिंह, देवनाथ मिश्रा आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप