विशेष रोजगार सृजन दिवस में लापरवाही बरती तो होगी कार्यवाही

 


फर्रुखाबाद , 07 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्य विकास अधिकारी ने 12 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विशेष रोजगार सृजन दिवस की तैयारियों एवं प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान जनपद के समस्त विकास खण्डों में संचालित विकास कार्यों एवं विकसित भारत-जी राम जी (VB-GRAM G) की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान विकास खण्डों में कार्यरत अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक एवं ग्राम पंचायत सचिवों की उपस्थिति एवं कार्यप्रगति का परीक्षण किया गया। समीक्षा में पाया गया कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कुछ स्थानों पर कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही है तथा संबंधित कार्मिकों द्वारा अपने दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता बरती जा रही है।

मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्धारित 29,000 मानव दिवस के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए।

समीक्षा के दौरान कार्यों की धीमी प्रगति एवं दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर 13 ग्राम पंचायत सचिवों एवं 03 तकनीकी सहायकों को चेतावनी और आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करते हुए कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

विकास खण्ड राजेपुर के ग्राम विकास अधिकारी अतुल अग्निहोत्री के विरुद्ध शासकीय कार्यों में अपेक्षित प्रगति न होने तथा VBGRAMG मे रूचि ना लेने तथा बैठक मे अनुपस्थित रहने उच्चाधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही पाए जाने पर निलम्बन के निर्देश जारी किए गए।

इसके अतिरिक्त, जिन ग्राम रोजगार सेवकों द्वारा कार्यों में शिथिलता बरती जा रही है तथा निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति नहीं की जा रही है, ऐसे ग्राम रोजगार सेवकों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार सेवा समाप्ति की कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर