विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदान केंद्रों पर लगे शिविर, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने उमड़े लोग
जौनपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में निर्वाचन आयोग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत रविवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए गए। जिले में कुल 4080 मतदेय स्थल और 2156 मतदान केंद्र हैं।
शिविरों में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने और दर्ज विवरण में संशोधन कराने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मतदान केंद्रों पर तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने मतदाताओं के आवेदन प्राप्त किए और सूची में सुधार की प्रक्रिया पूरी कराई।
अभियान के तहत 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जा रहे हैं। इसके साथ ही मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता, जन्मतिथि समेत अन्य जानकारियों में संशोधन की सुविधा भी दी जा रही है। जिन लोगों के नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं, वे भी शिविरों में पहुंचकर आवेदन कर रहे हैं।
नए मतदाताओं का नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, मृतक और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरवाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और सूची की त्रुटियों को दूर करना है।
नईगंज मतदान केंद्र पर पहुंचीं नई गंज कॉलोनी निवासी इंदु श्रीवास्तव ने बताया कि वह मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने आई हैं। उनके परिवार के अन्य सदस्यों के नाम पहले से ही मतदाता सूची में दर्ज हैं।
वहीं, नईगंज बूथ पर पहुंचे कृष्ण कुमार ने बताया कि वह पहली बार मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने आए हैं। उन्होंने कहा कि पहले नाम जुड़वाने के लिए काफी परेशानी होती थी, लेकिन विशेष शिविरों के आयोजन से अब नाम जुड़वाने और संशोधन कराने की प्रक्रिया आसान हो गई है।
इस दौरान अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर शिविरों में चल रहे कार्यों का जायजा लिया और बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव