यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा 56,880 अभ्यर्थियों के लिए रोडवेज की विशेष व्यवस्था, प्रमुख मार्गों पर बढ़ाई गई बसें
जौनपुर, 07 जून (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर जौनपुर प्रशासन और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में 8 से 10 जून तक आयोजित होने वाली परीक्षा में 21 केंद्रों पर कुल 56,880 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षार्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए रोडवेज विभाग ने विशेष कार्ययोजना लागू की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में परिवहन निगम की विशेष व्यवस्था रविवार शाम पांच बजे से 10 जून की मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान विभिन्न मार्गों पर बसों की संख्या बढ़ाई गई है तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बसों का संचालन भी किया जाएगा। प्रमुख रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाकर अभ्यर्थियों को समय से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
जौनपुर डिपो से वाराणसी, लखनऊ, आजमगढ़, प्रयागराज, गोरखपुर, गाजीपुर और मिर्जापुर समेत प्रमुख जनपदों के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है। चंदौली-वाराणसी मार्ग पर 20 बसें, प्रयागराज-फतेहपुर-कौशांबी मार्ग पर 22 बसें, गाजीपुर के लिए 3 बसें, गोरखपुर के लिए 10 बसें, कानपुर नगर-लखनऊ के लिए 4 बसें तथा मिर्जापुर के लिए 23 बसें संचालित की जाएंगी। इसके अलावा अतिरिक्त आरक्षित बसों को भी तैयार रखा गया है, जिन्हें जरूरत पड़ने पर तत्काल सेवा में लगाया जाएगा। इस संबंध में जानकारी लेने पर सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) स्नेहलता ने बताया कि परीक्षा अवधि के दौरान 85 से अधिक बसें पहले से संचालित हैं और यात्रियों की संख्या के अनुसार अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम का उद्देश्य अभ्यर्थियों को सुगम एवं समयबद्ध यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।वहीं, भंडारी जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक वीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि रेलवे की ओर से फिलहाल परीक्षा के लिए कोई विशेष ट्रेन संचालित नहीं की गई है। रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध सामान्य सुविधाएं ही परीक्षार्थियों को मिलेंगी। हालांकि, उच्चाधिकारियों से कोई निर्देश प्राप्त होने पर उसके अनुरूप आवश्यक व्यवस्था की जाएगी
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव