तीन से 17 सितंबर तक प्रदेश में चलेगा विशेष एचपीवी टीकाकरण अभियान
लखनऊ, 01 सितंबर (हि.स.)। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए उत्तर प्रदेश में विशेष एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान तीन से 17 सितंबर तक चलाया जाएगा। प्रदेश के सभी 75 जनपदों में संचालित होने वाले इस अभियान के दौरान 14 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 10 लाख पात्र किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अमित कुमार घोष ने जारी बयान में बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले गंभीर कैंसर में से एक है लेकिन एचपीवी टीकाकरण के माध्यम से इससे बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रत्येक पात्र बालिका तक एचपीवी वैक्सीन की पहुंच सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी पात्र बेटियों का समय से टीकाकरण कराएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
मिशन निदेशक, उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. पिंकी जोवेल ने बताया कि विशेष अभियान के लिए प्रत्येक जनपद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और इसकी प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी। टीकाकरण की गति और लक्ष्य के सापेक्ष उपलब्धि की लगातार निगरानी होगी। कम प्रगति वाले क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे, ताकि अभियान की अवधि में निर्धारित लक्ष्य हासिल किया जा सके।
महाप्रबंधक, नियमित टीकाकरण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. मनोज शुकुल ने बताया कि अभियान के दौरान गार्डासिल एचपीवी वैक्सीन की एकल डोज दी जाएगी। टीकाकरण के बाद प्रत्येक लाभार्थी को कम से कम 30 मिनट तक निगरानी में रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि टीका लगवाने के लिए लाभार्थियों को खाली पेट न आने की सलाह दी गई है। किसी भी प्रतिकूल घटना से निपटने के लिए सभी टीकाकरण स्थलों पर एईएफआई और एनाफिलेक्सिस किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन