प्रतापगढ़ में विशेष संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान का हुआ शुभारम्भ
प्रतापगढ़, 01 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में एक से 30 अप्रैल तक संचालित किये जाने वाले विशेष संचारी रोग नियन्त्रण अभियान एवं 10 से 30 अप्रैल तक संचालित किये जाने वाले दस्तक अभियान का शुभारम्भ बुधवार को रैली निकाल कर किया गया ।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ0 ए0एन0 प्रसाद ने मौजूद लोगों को संचारी रोगों के खिलाफ लड़ाई में सहभागिता के लिये शपथ दिलाई। जिसके द्वारा अपने घर व आस-पास साफ-सफाई रखने, जल जमाव न होने देने तथा बुखार के लक्षण वाले मरीजों को शीघ्र अतिशीघ्र पास के सरकारी अस्पताल में चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिये प्रेरित किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ढोल ताशे वा लाउडस्पीकर के माध्यम से रैली में शामिल लोग नारे लगाते हुये लोगों को जागरूक करते हुये घण्टाघर चौक तक गये। रैली में शामिल लोग ’प्रतापगढ़ ने ठाना है, संचारी रोग मिटाना है’, ’कचरा कचरेदानी में, सोये मच्छरदानी में, “जीवन को नव मोड़ दो, गंदगी करना छोड़ दो तथा ’हर रविवार मच्छर पर वार आदि जैसे नारों के माध्यम से लोगों को अपने आस-पास साफ सफाई रखते हुये स्वच्छता का व्यवहार अपनाते हुये बीमारियों से बचने के लिये प्रेरित कर रहे थे।
संचारी रोग नियन्त्रण अभियान के अन्तर्गत नगर विकास विभाग, पंचायतीराज विकास विभाग, शिक्षा विभाग, आई०सी०डी०एस० विभाग एवं उद्यान विभाग सभी स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर लोगों को स्वच्छता का व्यवहार अपनाते हुये बीमारियों से बचाव के लिये जागरूक करेगें।
दस्तक अभियान के अन्तर्गत आशा कार्यकत्री व आंगनवाड़ी कार्यकत्री एक साथ मिलकर सभी घरों में दस्तक देकर लोगों को स्वच्छता का संदेश प्रसारित करेंगी तथा बीमारियों से बचने के लिये जागरूक करेंगी। साथ-साथ विभिन्न बीमारियों के लक्षणयुक्त व्यक्तियों की सूची को ई-कवच पोर्टल पर अपलोड करते हुये उन्हे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का कार्य करेंगी। कार्यक्रम में अधिकारी कर्मचारी, आशा व ए०एन०एम० उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी