सार्वजनिक परिवहन में महिला-बाल सुरक्षा को लेकर चला सघन चेकिंग अभियान
कानपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में सेफ सिटी मिशन के तहत सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को विशेष चेकिंग, जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ऑटो, ई-रिक्शा, टैक्सी, बस समेत अन्य सार्वजनिक परिवहन वाहनों की सघन जांच की गई।
पुलिस उपायुक्त अपराध श्रवण कुमार सिंह ने बयान में बताया कि सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। वाहनों की नियमित चेकिंग के साथ चालकों एवं परिचालकों का सत्यापन कराया जा रहा है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और महिला-बाल सुरक्षा से जुड़ी किसी भी घटना की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए वाहन चालकों एवं परिचालकों को निर्देशित किया गया है।
अभियान के दौरान वाहनों के दस्तावेज, परमिट, फिटनेस, नंबर प्लेट, चालक का सत्यापन और अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की जांच की गई। वाहनों पर लगी काली फिल्म, काला बोर्ड अथवा दृश्यता प्रभावित करने वाली नियमविरुद्ध सामग्री को भी हटवाया गया, ताकि सार्वजनिक परिवहन में प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके। अभियान के तहत चालकों एवं परिचालकों का सत्यापन भी कराया जाएगा। इसके लिए 20 बिंदुओं वाले निर्धारित प्रपत्र पर उनका विवरण संबंधित थानों में संकलित किया जाएगा। इसके बाद अभिलेखों से मिलान करने के साथ अपराध एवं अपराधियों से संबंधित पुलिस सूचना तंत्र और जिला अपराध अभिलेख ब्यूरो के माध्यम से उनके आपराधिक इतिहास का सत्यापन किया जाएगा।
अभियान एक सितंबर को आयोजित गोष्ठी में लिए गए निर्णयों के क्रम में चलाया गया। इसमें अपर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय/सीडब्ल्यू स्नेहा तिवारी सहित यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य संबंधित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार सेफ सिटी मिशन के तहत सार्वजनिक परिवहन को सुरक्षित बनाने के लिए चेकिंग एवं जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप