त्योहारों के मद्देनजर मुरादाबाद रेल मंडल में किए गए विशेष प्रबंध
मुरादाबाद, 04 नवम्बर (हि.स.)। आगामी त्योहार धनतेरस, दीपावली, भाई दूज एवं छठ पूजा के अवसर पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ एवं आवागमन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में मंडल रेल प्रशासन द्वारा व्यापक यात्री सुविधा एवं सुरक्षा संबंधी प्रबंध किए गए हैं।
मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त अनारक्षित एवं आरक्षित टिकट काउंटर, अतिरिक्त बुकिंग स्टाफ तथा एटीवीएम मशीनों की व्यवस्था की गई है। साथ ही, मोबाइल अनरिजर्वड टिकट सिस्टम के माध्यम से बुकिंग कर्मचारियों की तैनाती कर स्टेशन परिसर में ही यात्रियों को अनारक्षित टिकट उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। यात्रियों को रेलवन एप की जानकारी प्रदान करने एवं रेल सम्बंधित सहायता के लिए सभी स्टेशनों पर हेल्प डेस्क के लिए कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है। स्टेशन परिसर मे क्यूआर कोड भी लगाए गए है ताकि टिकट काउंटरों पर भीड़ कम हो और यात्रियों को सुगमतापूर्वक टिकट प्राप्त हो सके I क्यूआर कोड के माध्यम से रेलवन एप को डाउनलोड किया जा सके I
त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए मेडिकल टीम द्वारा प्रमुख स्टेशनों पर मेडिकल सहायता बूथ लगाए जाएंगेI
यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधाओं की सतत निगरानी के लिए मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों को सभी प्रमुख स्टेशनों पर तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त मंडल नियंत्रक कक्ष में 24×7 वार रूम संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से स्टेशन परिसरों एवं यात्री गतिविधियों की निरंतर निगरानी की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल