प्रयागराज रेलवे मंडल ने लेखपाल परीक्षार्थियों के लिए किए विशेष इंतजाम

 


प्रयागराज, 20 मई (हि.स)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 21 मई को आयोजित लेखपाल परीक्षा-2026 के दौरान परीक्षार्थियों की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल द्वारा व्यापक एवं विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। परीक्षार्थियों एवं यात्रियों के लिए आवश्यकता पड़ने पर एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।

यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बुधवार को देते हुए बताया कि प्रयागराज मंडल द्वारा परीक्षार्थियों की सुविधा हेतु प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल तथा अलीगढ़ जंक्शन स्टेशनों पर अतिरिक्त रेक उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल विशेष ट्रेनों का संचालन सुनिश्चित किया जा सके। इसके अतिरिक्त परीक्षा अवधि के दौरान प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन, टिकट व्यवस्था, सुरक्षा एवं यात्री सुविधाओं के लिए विशेष कार्ययोजना लागू की गई है।

मंडल प्रशासन ने प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ जंक्शन, टूंडला एवं अन्य प्रमुख स्टेशनों पर पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। परीक्षार्थियों के सुगम आवागमन एवं सहायता के लिए स्टेशन परिसरों की गतिविधियों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार की जाएगी।

स्टेशनों पर टिकट काउंटरों पर पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की तैनाती, पूछताछ काउंटरों की व्यवस्था, उद्घोषणा प्रणाली को सक्रिय रखने, हेल्प डेस्क संचालित करने तथा आरपीएफ एवं जीआरपी की अतिरिक्त तैनाती सुनिश्चित की गई है। प्लेटफार्मों पर परीक्षार्थियों को सही दिशा-निर्देशन एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए रेलवे कर्मचारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र