नीट (यूजी) परीक्षा : मंडल रेल प्रबंधक ने वॉर रूम से की निरंतर निगरानी
--अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रयागराज मंडल की विशेष व्यवस्थाएं
प्रयागराज, 21 जून (हि.स)। नीट (यूजी) 2026 परीक्षा के सफल एवं सुगम संचालन हेतु प्रयागराज मंडल द्वारा व्यापक एवं विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के निर्देशन में मंडल कंट्रोल कार्यालय में विशेष वॉर रूम स्थापित कर परीक्षा से पूर्व ही निगरानी व्यवस्था सक्रिय कर दी गई थी। वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरी रात एवं परीक्षा दिवस पर लगातार ट्रेनों के परिचालन, अभ्यर्थियों की आवाजाही तथा स्टेशनों पर भीड़ की निगरानी की।
जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने रविवार काे बताया कि परीक्षा समाप्त होने के बाद विभिन्न स्टेशनों पर अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष गाड़ियों का संचालन किया गया तथा अनेक ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव एवं समय प्रदान किया गया, जिससे बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिली।
--प्रयागराज मंडल द्वारा संचालित एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का विवरण कानपुर सेंट्रल-लखनऊ एग्जाम स्पेशल ट्रेन ने कानपुर सेंट्रल से 18ः42 बजे प्रस्थान किया। इस ट्रेन में 12 कोच लगाये गए थे एवं इस ट्रेन लगभग 500 यात्रियों ने यात्रा की। कानपुर सेंट्रल-प्रयागराज जंक्शन एग्जाम स्पेशल ट्रेन ने कानपुर सेंट्रल से 19ः12 बजे प्रस्थान किया। कानपुर सेंट्रल-झांसी एग्जाम स्पेशल ट्रेन ने कानपुर सेंट्रल से 18ः50 बजे प्रस्थान किया।
पीआरओ ने बताया कि प्रमुख स्टेशनों पर परीक्षार्थियों की संख्या देखते हुए अतिरिक्त रेल सेवाओं का संचालन किया गया तथा आवश्यकतानुसार विभिन्न ट्रेनों को विशेष ठहराव प्रदान किया गया। अलीगढ़ जंक्शन पर लगभग 200 परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए गाड़ी संख्या 03698 आनंद विहार टर्मिनल-शेखपुरा समर स्पेशल तथा 64168 टूंडला-गाज़ियाबाद मेमू को अतिरिक्त ठहराव प्रदान किया गया। इसी प्रकार लगभग 100 अभ्यर्थियों को सुविधा प्रदान करने के लिए गाडी संख्या 13051, हावड़ा-कालका नेताजी एक्सप्रेस तथा 03310 दिल्ली-धनबाद एक्सप्रेस स्पेशल का भी उपयोग किया गया।
इटावा स्टेशन पर गाड़ी संख्या 12420, नई दिल्ली-लखनऊ गोमती एक्सप्रेस को अतिरिक्त समय तक रोका गया, जिससे लगभग 100 परीक्षार्थी सुरक्षित रूप से यात्रा कर सके। वहीं गाड़ी संख्या 19812 इटावा-कोटा एक्सप्रेस एवं 64604 इटावा-कानपुर मेमू को भी परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए निर्धारित समय से अतिरिक्त अवधि तक रोका गया, जिससे लगभग 500 अभ्यर्थियों को लाभ मिला। अलीगढ़ जंक्शन पर 54354 अलीगढ़-मुरादाबाद पैसेंजर को भी अतिरिक्त समय तक रोके जाने की व्यवस्था की गई।
प्रयागराज मंडल द्वारा परीक्षा दिवस पर यात्रियों एवं अभ्यर्थियों की सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए परिचालन, वाणिज्य, सुरक्षा एवं अन्य विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक द्वारा स्वयं वॉर रूम से स्थिति की निगरानी करते हुए आवश्यक निर्देश दिए जाते रहे, जिसके परिणामस्वरूप अभ्यर्थियों की आवाजाही सुचारु एवं व्यवस्थित बनी रही तथा उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र