रेलवे ने 108वें उर्स-ए-रज़वी के लिए जायरीन की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए की विशेष व्यवस्थाएं

 


मुरादाबाद, 08 अगस्त (हि.स.)। बरेली में आयोजित 108वें उर्स-ए-रज़वी के अवसर पर मुरदाबाद रेलवे मंडल ने बरेली स्टेशन पर विशेष व्यवस्थाएं की है।

मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के निर्देश पर बरेली रेलवे स्टेशन पर उनकी सुविधा, सुरक्षित आवागमन एवं सुगम रेल यात्रा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने शनिवार को बताया कि बरेली में आयोजित 108वें उर्स-ए-रज़वी के अवसर पर बड़ी संख्या में जायरीन के बरेली आने को ध्यान में रखते हुए बरेली रेलवे स्टेशन पर उनकी सुविधा, सुरक्षित आवागमन एवं सुगम रेल यात्रा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

उर्स के दौरान 6 से 8 अगस्त 2026 तक जायरीन की बढ़ी हुई संख्या को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा विशेष गाड़ी चलाने तथा कुछ गाड़ियों में अतिरिक्त कोच लगाए जाने की व्यवस्था की है। साथ ही, जायरीन की सुविधा के लिए कुछ गाड़ियों के अतिरिक्त ठहराव की भी व्यवस्था की गई है। इन गाड़ियों से संबंधित जानकारी स्टेशन पर सहायता बूथ एवं तैनात रेलकर्मियों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है तथा प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से भी पूर्व में जारी की गई है। बरेली स्टेशन पर 04 अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले गए हैं। इसके अतिरिक्त 06 एटीवीएम तथा 03 जेटीबीएस के माध्यम से टिकट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, जिससे यात्रियों को टिकट लेने में सुविधा हो और भीड़ को व्यवस्थित रखा जा सके।

उन्हाेंने बताया कि जायरीन को गाड़ियों एवं रेल यात्रा से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर सहायता बूथ स्थापित किया गया है। यहां तैनात रेलकर्मियों ने जायरीन को उनकी यात्रा की दिशा के अनुसार गाड़ियों, प्लेटफॉर्म तथा अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। जायरीन की सुविधा के लिए स्टेशन परिसर में पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। साथ ही स्टेशन पर संचालित खानपान स्टॉलों पर यात्रियों की आवश्यकता के अनुसार खानपान की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल द्वारा उर्स-ए-रज़वी के दौरान जायरीन की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम रेल यात्रा को प्राथमिकता देते हुए स्टेशन पर की गई व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। रेलवे की विभिन्न टीमें स्टेशन पर सक्रिय रहकर जायरीन को आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध करा रही हैं।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल