सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका
जौनपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ समाजवादी पार्टी (सोया) ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष राकेश मौर्या के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने दीवानी चौराहे से कलेक्ट्रेट धरना स्थल तक करीब एक किलोमीटर पैदल मार्च किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ और‘वोट चोर गद्दी छोड़’के नारे लगाए। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट महिपाल सिंह को सौंपा गया।
जिलाध्यक्ष राकेश मौर्या ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाया जाए और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया रद्द की जाए। उन्होंने पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करने, सभी राजनीतिक दलों को समान अवसर देने तथा मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग की। हटाए गए पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा जोड़ने और भविष्य में सभी चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग भी रखी।
प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। पुतला फूंकने के दौरान पुलिस से उनकी नोकझोंक हुई। एक कार्यकर्ता ज्ञानेश कुमार का रूप धारण कर सूट पहनकर प्रदर्शन स्थल पर पहुंच गया। बाद में सपा कार्यकर्ताओं ने उससे कान पकड़कर उठक-बैठक कराई और माफी मंगवाई।
प्रदर्शन के दौरान भीड़ बढ़ने पर सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस बल, पीएसी और ब्लैक कमांडो को बुलाया गया। पुलिस ने धरना स्थल पर फ्लैग मार्च कर स्थिति संभाली।
इसी दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का सेवा संकल्प अभियान के तहत पैदल मार्च कलेक्ट्रेट पहुंचा। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने पर नारेबाजी तेज हो गई।
सपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के समर्थन में नारे लगाए, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं ने योगी-मोदी के नारे लगाए। पुलिस ने एहतियातन कलेक्ट्रेट गेट बंद कराया और भाजपा के मार्च को दूसरे मार्ग से आगे बढ़ाया।
मछलीशहर की सपा विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई और इस्तीफे की मांग की। मल्हनी विधायक लकी यादव ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार भाजपा के पक्ष में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, सपा का आंदोलन जारी रहेगा।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव