देश के नागरिकों को मूल मुद्दों से भटकाकर अंतरराष्ट्रीय घटनाओं की चर्चा कर रही भाजपा : पूर्व सपा विधायक
सपा ने हाथरस में आयोजित किया कार्यकर्ता सम्मेलन
हाथरस, 05 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) जिला पदाधिकारियों ने रविवार को सादाबाद-हाथरस रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में विधानसभा क्षेत्र सादाबाद के सहपऊ ब्लॉक कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में जिले के कई वरिष्ठ सपा नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के नागरिकों को मूल मुद्दों से भटकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय घटनाओं की चर्चा के बीच किसान, छात्र और आम जनता की समस्याएं पीछे छूट गई हैं। किसानों को आलू की उचित कीमत नहीं मिल रही, जिससे अन्नदाता किसान बेहद परेशान है।
सम्मेलन में हाथरस के पूर्व प्रत्याशी रामनारायण, पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी बाजुदुद्दीन समेत कई प्रमुख नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने का आह्वान किया।
सपा नेताओं ने कहा कि पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की सोच को केंद्र में रखकर सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का काम करेगी। उन्होंने दावा किया कि पूर्ववर्ती सपा सरकार में किसान, छात्र और हर वर्ग के हितों का ध्यान रखा गया था।
कार्यकर्ता सम्मेलन में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा करते हुए नेताओं ने कहा कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कार्यकर्ता अभी से मैदान में उतरकर स्पष्ट बहुमत के लिए मेहनत शुरू करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना