वीरांगना फूलन देवी की पुण्यतिथि पर सपा ने दी श्रद्धांजलि, सामाजिक न्याय के संकल्प दोहराया
जौनपुर,25 जुलाई (हि.स)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर शनिवार को समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पर पूर्व सांसद वीरांगना फूलन देवी की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने की। इस दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूलन देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके संघर्ष, साहस और सामाजिक न्याय के लिए किए गए योगदान को याद किया।
जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि फूलन देवी ने समाज के शोषित, वंचित और कमजोर वर्गों की आवाज बुलंद करने का कार्य किया। उनका संघर्ष और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी उनके आदर्शों पर चलते हुए सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे के मूल्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम के अंत में पार्टी के आजमगढ़ जनपद की निजामाबाद विधानसभा सीट से विधायक आलमबदी आजमी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। साथ ही नीट पेपर लीक प्रकरण से जुड़े 22 छात्र-छात्राओं को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष श्यामबहादुर पाल ने किया।
कार्यक्रम को विधायक पंकज पटेल, पूर्व विधायक लालबहादुर यादव, पूर्व मंत्री संगीता यादव, प्रदेश सचिव हिसामुद्दीन शाह, राजेश यादव, सुशील दुबे, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र यादव 'टाइगर', हीरालाल विश्वकर्मा, अवधेश पटेल, डॉ. वीरेंद्र यादव, महेंद्र यादव 'नेपाल', पूर्व प्रमुख रमापति यादव सहित अनेक नेताओं ने संबोधित किया। बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव