शिक्षक दिवस पर सपा ने मनाई डॉ. राधाकृष्णन की जयंती, बाबू जगदेव प्रसाद को दी श्रद्धांजलि

 


जौनपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में समाजवादी पार्टी की ओर से शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला कार्यालय पर भारत के द्वितीय राष्ट्रपति एवं महान दार्शनिक-शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने की।इसी अवसर पर सामाजिक न्याय और वंचित समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले बिहार लेनिन बाबू जगदेव प्रसाद कुशवाहा की पुण्यतिथि शहादत दिवस के रूप में मनाई गई। कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन ने शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके विचार आज भी समाज को ज्ञान, विवेक और नैतिक मूल्यों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। शिक्षा समाज के विकास की बुनियाद है और समाजवादी विचारधारा सभी वर्गों तक समान शिक्षा पहुंचाने की पक्षधर है।पूर्व विधायक मोहम्मद अरशद खान ने कहा कि बाबू जगदेव प्रसाद ने सामाजिक असमानता, शोषण और अन्याय के खिलाफ जीवनभर संघर्ष किया। उन्होंने वंचित, पिछड़े और शोषित वर्गों के अधिकार एवं सम्मान के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने वालों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया। इस दौरान श्याम बहादुर पाल, गुलाब यादव रीठी, दीपक विश्वकर्मा, अजय मौर्य, लक्ष्मीशंकर यादव, वीरेंद्र यादव, दिलीप प्रजापति, अशोक यादव नायक, आनंद गुप्ता, गुड्डू सोनकर, मोहम्मद आमिर, रमेश मौर्य, रविन्द्र मौर्य और अमजद अंसारी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव