कैम्पियरगंज में एसपी उत्तरी ने किया पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
गोरखपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस लगातार क्षेत्र में सक्रियता बढ़ा रही है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस अधीक्षक उत्तरी राजेश गुनावत ने थाना कैम्पियरगंज क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक उत्तरी ने क्षेत्र के प्रमुख स्थानों, बाजार एवं सार्वजनिक स्थलों का भ्रमण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों की मौजूदगी, गश्त की सक्रियता तथा आमजन की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं को परखा। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
एसपी उत्तरी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में नियमित रूप से प्रभावी पैदल गश्त की जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क नजर रखी जाए। उन्होंने आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुरक्षा संबंधी अपेक्षाओं की जानकारी लेने पर भी जोर दिया। साथ ही अपराध की रोकथाम और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पुलिस की सक्रियता लगातार बनाए रखने के निर्देश दिए।
पैदल गश्त के दौरान प्रभारी निरीक्षक कैम्पियरगंज सहित थाना पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय